JSW महानदी पावर प्लांट में कर्मचारियों का होगा नेत्र परीक्षण
विश्व ग्लूकोमा सप्ताह पर स्वास्थ्य विभाग की पहल

जांजगीर-चांपा। जिले में आंखों से जुड़ी गंभीर बीमारी ग्लूकोमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में विकासखंड अकलतरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत विश्व ग्लूकोमा सप्ताह के अवसर पर JSW महानदी पावर प्लांट, नरियरा में कर्मचारियों के लिए विशेष नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।

खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा द्वारा जारी पत्र के अनुसार 8 मार्च 2026 से 14 मार्च 2026 तक विश्व ग्लूकोमा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान लोगों में ग्लूकोमा रोग की शीघ्र जांच, पहचान, निदान और उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 13 मार्च 2026 को JSW पावर प्लांट नरियरा में कर्मचारियों के नेत्र परीक्षण का विशेष कार्यक्रम रखा गया है। इस कार्यक्रम में विकासखंड के नेत्र सहायक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो कर्मचारियों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ग्लूकोमा एक ऐसी आंखों की बीमारी है, जिसमें समय पर जांच और उपचार नहीं होने पर व्यक्ति की दृष्टि धीरे-धीरे कमजोर हो सकती है। कई बार इसके शुरुआती लक्षण स्पष्ट नहीं होते, इसलिए नियमित नेत्र परीक्षण बेहद जरूरी माना जाता है।
कार्यक्रम में नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र लहरे भी उपस्थित रहेंगे। वे कर्मचारियों की जांच के साथ-साथ ग्लूकोमा से बचाव, समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में भी जानकारी देंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि “ग्लूकोमा मुक्त विश्व के लिए एकजुट होना जरूरी है”। इसी संदेश के साथ जिले में जागरूकता कार्यक्रम, जांच शिविर और स्वास्थ्य परामर्श गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि इस पहल से औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता मिलेगी और समय रहते बीमारी की पहचान कर इलाज संभव हो सकेगा।
गौरतलब है कि JSW महानदी पॉवर कम्पनी लिमिटेड के द्वारा प्लांट कर्मियों के लिए लगातार स्वास्थ्य परीक्षण शिविर चलाया जाता रहा है जिसमें विगत दिनों सालाना स्वास्थ्य परीक्षण, प्लांट में कार्यरत ड्राइवरों के लिए विशेष नेत्र परीक्षण शिविर तथा स्वास्थ्य को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्लांट प्रबंधन के तत्वाधान में चलाए जा रहे इस सकारात्मक पहल से देश के अन्य इंडस्ट्रीज में एक प्रेरणा का अच्छा वातावरण स्थापित हो रहा है।







