JSW महानदी पॉवर कंपनी द्वारा ग्राम तरोद में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
ग्रामीणों को मिलेगा व्यापक स्वास्थ्य लाभ

जांजगीर-चांपा। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में JSW महानदी पॉवर प्लांट द्वारा ग्राम तरोद में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर कल सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें क्षेत्र के सभी ग्राम पंचायतवासियों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
शिविर में विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। यहां जनरल हेल्थ चेकअप, कान (ईएनटी) जांच, आंखों की जांच, बच्चों के विशेषज्ञ (चाइल्ड स्पेशलिस्ट), महिलाओं से संबंधित समस्याओं के विशेषज्ञ, साथ ही ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर की विशेष बात यह है कि जिन लोगों में आंखों से संबंधित समस्या पाई जाएगी, उन्हें कंपनी की ओर से मुफ्त चश्मा (Free Spectacles) भी प्रदान किया जाएगा। यह सुविधा ग्रामीणों के लिए काफी राहतकारी साबित होगी, क्योंकि सामान्यतः इन जांचों पर बाहर हजारों रुपये खर्च होते हैं।
आयोजकों के अनुसार, शिविर में पंजीयन प्रक्रिया शिविर स्थल पर ही की जाएगी, जिसके बाद सभी जांचें नि:शुल्क कराई जाएंगी। यह शिविर सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी रहेगा।
इसी क्रम में JSW महानदी पॉवर कम्पनी लिमिटेड द्वारा प्लांट प्रभावित क्षेत्रों में CSR (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) के तहत लगातार स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। पिछले दिनों नगर पंचायत नरियरा तथा ग्राम पंचायत बनाहिल में भी ऐसे शिविर लगाए गए थे, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इन शिविरों से उन्हें न केवल निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा मिल रही है, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है। JSW महानदी पॉवर प्लांट की इस जनहितकारी पहल के लिए क्षेत्रवासियों ने कंपनी के प्रति आभार प्रकट किया है।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।








