मरकिन माता धाम परसदा में भक्ति की अलौकिक छटा
308 तेल मनोकामना ज्योति कलश व 11 घी ज्योति कलश प्रज्ज्वलित

जांजगीर-चांपा। जनपद अकलतरा अंतर्गत ग्राम परसदा स्थित प्रसिद्ध मरकिन माता धाम में इन दिनों श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मरकिन माता सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित विशेष धार्मिक अनुष्ठान के तहत 308 तेल मनोकामना ज्योति कलश एवं 11 घी ज्योति कलश विधिवत मंत्रोच्चार और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ प्रज्ज्वलित किए गए।
माँ मरकिन के दरबार में प्रज्ज्वलित इन ज्योति कलशों की दिव्य आभा ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया है। दीपों की उजास और श्रद्धालुओं के “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु अपनी-अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु ज्योति कलश अर्पित कर माता का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, आरती एवं पूजन-अर्चना का सिलसिला निरंतर जारी है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं और अपने जीवन में सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना कर रहे हैं। समिति के सदस्यों द्वारा आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर माता के परम भक्त विजय वर्मा ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि “मातारानी के दरबार में कोई भी श्रद्धालु सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ आता है तो उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।” उन्होंने आगे बताया कि “ज्योति कलश की यह परंपरा विगत तीन दशकों से निरंतर चली आ रही है, जो आज भी उसी आस्था और भव्यता के साथ निभाई जा रही है।”
सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक श्रद्धा का भी अद्भुत उदाहरण है। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल है और हर घर से माता के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है।
मरकिन माता सेवा समिति –
पदाधिकारी एवं संरक्षक मंडल
संरक्षक: जिला पंचायत सदस्य (सभापति) – उर्मिला रविन्द्र यादव
जनपद पंचायत अकलतरा (सभापति) – श्री बालमुकुंद वर्मा
हेमलता कमलेश नेताम, सुनील कश्यप, कृष्ण कुमार वर्मा, अरुण कुमार वर्मा, अर्जुन वर्मा, संजय वर्मा
सलाहकार: जलेश्वर वर्मा, मनोज सिंह चौहान, विश्वनाथ चंद्राकर, बसंत वर्मा
पदाधिकारी:
अध्यक्ष – रामाधार मरकाम
उपाध्यक्ष – गोरे लाल पटेल
कोषाध्यक्ष – दिले सिंह मरावी
सचिव – विजय कुमार वर्मा
सह-सचिव – कुलभुषण चंद्राकर
मरकिन माता धाम में जल रहे इन सैकड़ों ज्योति कलशों की रोशनी श्रद्धा की वह दिव्य लौ बन गई है, जो हर भक्त के हृदय में विश्वास, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रही है।







