पीने के पानी को लेकर हो रही समस्या पर स्थानीय प्रशासन गंभीर नहीं
रोज पीने के पानी के लिए मोहल्ले वासियों को करना पड़ रहा जद्दोजहद
पानी की समस्या का समाधान नहीं होने से पलायन की बन रही स्थिति
मामला ग्राम पंचायत बनाहिल का

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनाहिल में इन दिनों पीने के पानी की गंभीर समस्या सामने आ रही है। गांव के कई मोहल्लों में रहने वाले ग्रामीणों को रोजाना पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को सुबह से ही पानी की व्यवस्था करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है, लेकिन पंचायत स्तर पर इसके समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक मामले को गंभीरता से लेकर कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की जा सकी है।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि गांव के कई हैंडपंप और बोरवेल पर्याप्त पानी नहीं दे रहे हैं, जिससे हालात और अधिक गंभीर हो गए हैं। कुछ स्थानों पर हैंडपंप सूखने की स्थिति में हैं, जिसके कारण लोगों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। इस समस्या का असर खासतौर पर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजाना पानी भरने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है।
(फाइल फोटो)
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पीने के पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो गांव के लोगों के सामने पलायन जैसी स्थिति बन सकती है। खेती-किसानी के साथ-साथ दैनिक जीवन के लिए भी पानी अत्यंत आवश्यक है, लेकिन मौजूदा हालात में गांव के लोग बुनियादी जरूरत के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की है कि गांव में पीने के पानी का स्थाई व्यवस्था की जाए तथा खराब पड़े जलस्रोतों की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि अकलतरा क्षेत्र के कई गांवों में जल स्तर नीचे जाने के कारण पेयजल संकट की स्थिति बनती रही है, जिससे ग्रामीणों को समय-समय पर पानी के लिए आंदोलन और विरोध तक करना पड़ा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे पलायन को मजबूर होंगे। फिलहाल गांव के लोग प्रशासन से जल्द राहत मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।







