.AD

पुरानी पेंशन सहित विभिन्न मांगों को लेकर मड़वा ताप विद्युत गृह में कर्मचारियों का प्रदर्शन

मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन

जांजगीर-चांपा, 07 जुलाई 2026। पुरानी पेंशन योजना सहित अन्य ज्वलंत मांगों को लेकर विद्युत कंपनी प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए महासंघ द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन के द्वितीय चरण के तहत मंगलवार को अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह, मड़वा में बिजली उत्पादन कर्मचारी संघ ने प्रदर्शन किया।

कर्मचारियों ने शाम करीब 5:30 बजे नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया और चेयरमैन के नाम संबोधित ज्ञापन मुख्य अभियंता को सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि प्रबंधन द्वारा पूर्व में किए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में व्यापक असंतोष व्याप्त है।

संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य अभियंता से आग्रह किया कि ज्ञापन को तत्काल कंपनी के चेयरमैन तक पहुंचाया जाए तथा कर्मचारियों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो महासंघ के आंदोलन को आगामी चरणों में और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम में बिजली उत्पादन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र राठौर, शाखा अध्यक्ष हरीश कुमार राठौर, शाखा उपाध्यक्ष सतवंत सिंह कंवर, विकेश कुमार साहू, शाखा सचिव अनीश सिंह राठौर, कोषाध्यक्ष विश्वजीत राठौर, शाखा मंत्री मोहन पटेल, हरदीप राठौर, सागर साहू, आशीष कश्यप, धनंजय राठौर, मनोज कंवर, अरविंद साव, कमलेश्वर साहू, राजेंद्र राठौर, सोहित सारथी, ओमकार साहू, अभिजीत साव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Related Articles