राज्य कर्मचारी संघ ने महिलाओं के लिए विशेष अवकाश और कैशलेस चिकित्सा की मांग को लेकर सौंपा मांग पत्र
जांजगीर-चांपा। राज्य कर्मचारी संघ जिला जांजगीर-चांपा ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम 4 सूत्रीय मांग पत्र डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी को सौंपा। कर्मचारियों ने मांग की कि मध्य प्रदेश की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी महिला कर्मचारीयों को 7 दिवस का विशेष आकस्मिक अवकाश प्रदान किया जाए, जैसा मध्य प्रदेश में पहले से लागू है।
साथ ही सभी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत बढ़ोतरी का लाभ समान रूप से देने और इसका एरियर भी शीघ्र जारी करने की मांग की गई। कर्मचारियों के न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित समाधान के लिए रायपुर में अलग से एक सेट की स्थापना और राज्य के समस्त कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की भी प्रमुख मांग रखी गई।
मांग पत्र सौंपने के दौरान राज्य कर्मचारी संघ के प्रांत अध्यक्ष अरुण तिवारी, भारतीय राज्य कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष अनुभव तिवारी, भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुर्रे, राज्य कर्मचारी संघ के जिला सचिव विक्रांत साहू एवं भारतीय मजदूर संघ के जिला महामंत्री संजय कुमार चौहान उपस्थित रहे।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मध्य प्रदेश की तरह छत्तीसगढ़ में भी महिलाओं को विशेष अवकाश और कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान कर राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा करे और कर्मचारियों को आर्थिक एवं मानसिक राहत दे।