.AD

रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी दरों में कटौती का स्वागत: चैंबर ऑफ कॉमर्स ने जताया आभार

जांजगीर- नैला, छत्तीसगढ़।।

छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री मनोज अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा राज्य में रजिस्ट्री की दरों और स्टांप ड्यूटी में की गई भारी कटौती के निर्णय का पुरजोर स्वागत किया है। पूर्व में बढ़ाई गई दरों को वापस लेकर जनता और व्यापारी वर्ग को राहत देने के इस ऐतिहासिक कदम के लिए चैंबर की ओर से राज्य सरकार का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।

अध्यक्ष श्री मनोज अग्रवाल ने कहा कि सरकार के इस जनहितैषी फैसले से बाजार में निवेश की वापसी होगी और रियल एस्टेट सेक्टर में फिर से तेजी आएगी। दरों में कमी आने से बाजार में रुका हुआ बड़ा फंड निवेश के रूप में वापस आएगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में निरंतर प्रगति (उत्तरोत्तर वृद्धि) सुनिश्चित होगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्री दरों में कटौती होने से जमीन और संपत्तियों के लेन-देन में सुगमता आएगी, जिससे आम आदमी पर पड़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा। बढ़ी हुई दरों के कारण जो जमीन के सौदे रुके हुए थे, वे अब तेजी से पूरे हो सकेंगे। इसका सीधा लाभ किसानों, व्यापारियों और आम जनता को मिलेगा। चैंबर का मानना है कि इस नीतिगत सुधार से न केवल मध्यम वर्ग को घर और जमीन खरीदने में आसानी होगी, बल्कि बाजार में लिक्विडिटी बढ़ेगी, जिससे व्यापारिक जगत में उत्साह का संचार होगा।

चैंबर ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस निर्णय से हर वर्ग को राहत मिलेगी और प्रदेश का राजस्व भी बढ़ेगा, क्योंकि अब अधिक संख्या में लोग पारदर्शी तरीके से रजिस्ट्री और व्यापारिक सौदे कर पाएंगे।


Related Articles