शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी के आरोपी के खिलाफ LOC जारी
जिला जांजगीर पुलिस ने जारी की अपील

जांजगीर-चांपा। शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार चल रहे आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय के माध्यम से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। आरोपी की तलाश में जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर पतासाजी कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पीयूष जायसवाल (21 वर्ष), पिता पारेश्वर जायसवाल, निवासी ग्राम पोड़ीशंकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से बड़ी रकम एकत्रित की और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हो गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 के तहत धारा 420, 406, 34 IPC तथा थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 के तहत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज है। पुलिस द्वारा कार्रवाई के बाद न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था, लेकिन इसके बाद आरोपी लगातार न्यायालय में अनुपस्थित रहा।
आरोपी के खिलाफ थाना चांपा प्रकरण में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह प्रकरण में गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा चुका है। इसके अलावा बिलासपुर और कोरबा न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकरणों में भी उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी हैं।
आरोपी के लगातार फरार रहने और न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण गृह मंत्रालय, भारत सरकार के माध्यम से उसके विरुद्ध LOC जारी किया गया है। इसके तहत देश के किसी भी एयरपोर्ट, बंदरगाह अथवा अंतरराष्ट्रीय सीमा से उसके आवागमन पर निगरानी रखी जा सकेगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।








