अकलतरा में परिवहन एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वाधान में लर्निंग लाइसेंस एवं HSRP नंबर प्लेट शिविर का आयोजन
अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा के कुशल अनुशासन से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ शिविर

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना परिसर में परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वाधान में लर्निंग लाइसेंस तथा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) बनवाने हेतु विशेष शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को सुगमता से परिवहन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
शिविर के दौरान कुल 356 लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए, वहीं 05 वाहनों में HSRP नंबर प्लेट लगाई गई। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाया। शिविर में परिवहन विभाग के कर्मचारियों द्वारा दस्तावेजों की जांच, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक मार्गदर्शन सुचारू रूप से किया गया।
शिविर का आयोजन अकलतरा थाना प्रभारी श्री भास्कर शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। थाना परिसर में विशेष शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, जिससे आवेदकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस बल द्वारा भीड़ नियंत्रण एवं अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि लर्निंग लाइसेंस एवं HSRP नंबर प्लेट सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। नागरिकों से अपील की गई कि वे वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से समय और संसाधनों की बचत होती है तथा दूर-दराज के लोगों को भी एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं मिल जाती हैं। आयोजन की सफलता पर परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वय की सराहना की गई।








