अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्यवाही: जेएसडब्ल्यू प्लांट नरियरा से अवैध पैसे की मांग व बार-बार धरना-प्रदर्शन करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

अकलतरा (जांजगीर-चांपा)।
जेएसडब्ल्यू प्लांट नरियरा के मुख्य गेट पर लोगों को उकसाकर अवैध पैसे की मांग करने, जबरन प्रवेश करने और बार-बार धरना-प्रदर्शन कर आवागमन बाधित करने वाले दो आरोपियों को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक व ठगी के प्रकरण दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी
सत्यप्रकाश निर्मलकर (उम्र 32 वर्ष), निवासी नरियरा, थाना मुलमुला
ज्योति नोरगे (उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम रोगदा, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा
मामले का विवरण
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22/12/2025 को आरोपी सत्यप्रकाश निर्मलकर एवं ज्योति नोरगे ने जेएसडब्ल्यू प्लांट नरियरा के मुख्य गेट पर हंगामा करते हुए धक्का-मुक्की की और जबरन गेट के अंदर प्रवेश कर गए। सुरक्षा गार्ड व कर्मचारियों द्वारा रोके जाने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और मुख्य गेट पर बैठकर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा पूर्व में भी कई बार जेएसडब्ल्यू प्लांट के मुख्य गेट के अंदर घुसकर रास्ता अवरुद्ध किया गया, तोड़-फोड़ की धमकी दी गई और अवैध धनराशि की मांग की जाती रही। इन घटनाओं से प्लांट में कार्यरत मजदूरों और कर्मचारियों के जीवन व सुरक्षा पर गंभीर प्रभाव पड़ा, साथ ही उनके परिवार भी प्रभावित हुए।
कंपनी के उत्पादन को हुआ भारी नुकसान
आरोपियों द्वारा वाहनों को अंदर नहीं जाने देने के कारण कंपनी के उत्पादन में भारी कमी आई, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ। कंपनी प्रबंधन द्वारा कई बार बातचीत के प्रयास किए गए, लेकिन आरोपियों द्वारा लगातार ब्लैकमेलिंग कर अवैध पैसे की मांग की जाती रही।
पंजीबद्ध अपराध घटना की रिपोर्ट पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 656/2025 धारा 296, 126(2), 333, 308(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
इसके अतिरिक्त कुछ दिन पूर्व इन्हीं आरोपियों के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 582/25 धारा 126(2), 332(A), 3(5) BNS के अंतर्गत भी प्रकरण दर्ज किया गया था।
जांच में यह भी उजागर हुआ कि आरोपी स्वयं के नाम पर जमीन नहीं होने के बावजूद ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर आते थे और जेएसडब्ल्यू प्लांट के सामने धरना-प्रदर्शन कर आवागमन बाधित करते थे, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती थी।
गिरफ्तारी और न्यायिक रिमांड दोनों प्रकरणों में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर अकलतरा पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस की सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी अकलतरा एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित एवं सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश गया है।
अकलतरा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, ब्लैकमेलिंग या जबरन वसूली की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।









