अकलतरा में खुलेआम अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल
स्थानीय पुलिस प्रशासन पर उठ रहे सवाल
एसपी विजय पांडेय के द्वारा लगातार चलाए जा रहे नशे के विरुद्ध अभियान पर फिर रहा पानी

अकलतरा। नगर में अवैध शराब बिक्री का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें अकलतरा थाना क्षेत्र के नरेश कपड़ा मॉल के सामने वाली गली में कथित रूप से खुलेआम शराब की बिक्री होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर अवैध शराब बिक्री की जानकारी कई बार पुलिस को दी जा चुकी है। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह खुलेआम शराब की बिक्री होना न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है, बल्कि इसका सीधा असर युवाओं और आम नागरिकों पर भी पड़ सकता है।
गौरतलब है कि जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई कर आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
ऐसे में अकलतरा नगर के बीच कथित रूप से अवैध शराब की बिक्री का वीडियो सामने आना स्थानीय पुलिस की निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। यदि वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधि की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की आवश्यकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अवैध शराब बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि यदि पुलिस को पहले से इस गतिविधि की जानकारी थी, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
अब देखना होगा कि वीडियो सामने आने के बाद अकलतरा पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कथित अवैध शराब बिक्री के इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।








