भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री शंखध्वनि सिंह ने ली जिला इकाई की बैठक
संगठन विस्तार और अधिवेशन की तैयारियों पर हुई व्यापक चर्चा

जांजगीर। भारतीय मजदूर संघ की जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक जिला मुख्यालय जांजगीर स्थित संघ कार्यालय नारायण कुंज में संपन्न हुई। बैठक में भारतीय मजदूर संघ के नवपदस्थ प्रदेश महामंत्री शंखध्वनि सिंह बनाफर ने संगठन के प्रदेश एवं जिला अधिवेशन, अभ्यास वर्ग तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले पौधारोपण कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रदेश सरकार द्वारा मजदूर विरोधी निति के खिलाफ आगामी रायपुर में होने वाले भारतीय मजदूर संघ के तत्वाधान में प्रदेश स्तरीय हुंकार रैली में एक लाख मजदूरों के साथ रैली के संबंध में रूपरेखा बनाई गई। संगठन की मजबूती एवं विस्तार को लेकर भी पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुर्रे ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय कुमार चौहान द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री शंखध्वनि सिंह बनाफर उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख वेंकट राव विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक के दौरान आगामी जिला अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा करते समय बजट व्यवस्था को लेकर कुछ असहज स्थिति महसूस की जा रही थी। इस दौरान संगठन की आवश्यकताओं को देखते हुए विभाग प्रमुख वेंकट राव ने स्वेच्छा से जिला अधिवेशन के सफल आयोजन के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की, जिसकी उपस्थित पदाधिकारियों ने सराहना की।
प्रदेश महामंत्री शंखध्वनि सिंह बनाफर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय मजदूर संघ देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन है और इसकी मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को समर्पित भाव से कार्य करना होगा। उन्होंने संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और श्रमिक हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ के जिला पर्यावरण संयोजक अनुभव तिवारी, अरुण तिवारी, राघवेन्द्र राठौर, जिला सहमंत्री यशपाल चौबे, गीता सोनी सहित जिले के विभिन्न इकाइयों के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
— संगठन विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और आगामी अधिवेशनों की तैयारियों को लेकर हुई यह बैठक भारतीय मजदूर संघ की जिला इकाई के लिए महत्वपूर्ण एवं मार्गदर्शक साबित हुई।









