बहन के साथ मारपीट व तोड़फोड़ के आरोपी को कोटमीसोनार पुलिस ने किया गिरफ्तार
चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय की त्वरित व प्रभावी कार्रवाई की हो रही सराहना

जांजगीर-चांपा जिले के थाना अकलतरा अंतर्गत कोटमीसोनार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पोड़ीदल्हा में महिला के साथ मारपीट, तोड़फोड़ एवं जान से मारने की धमकी के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरे घटनाक्रम में कोटमीसोनार पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय की सक्रियता, संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को दोपहर लगभग 02:00 बजे, आरोपी अजीत कुमार टंडन पिता स्व. बिहारी लाल टंडन, निवासी ग्राम पोड़ीदल्हा, थाना अकलतरा, ने शराब पीने के लिए अपनी ही बहन से पैसों की मांग की। पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा घर में रखे टीवी, बिजली बोर्ड एवं टेबल फैन में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा महिला को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर कोटमीसोनार पुलिस चौकी द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 351(2), 333(1), 119(1), 324 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अनिल हंसराज एवं आरक्षक विजय कुमार राठौर का भी सराहनीय योगदान रहा। स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने महिला के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए कोटमीसोनार पुलिस, विशेषकर चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय की प्रशंसा की है।
यह कार्रवाई एक बार फिर यह संदेश देती है कि जांजगीर-चांपा पुलिस महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति पूरी तरह गंभीर है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।








