.AD

बनाहिल के दो सगे भाई AC चोरी में हुआ बेनकाब

मुलमुला थाना प्रभारी पारस पटेल की सूझबूझ से 24 घंटे में खुला 1.30 लाख की चोरी का राज

CCTV और मुखबिर तंत्र के दम पर चोरी का पूरा माल बरामद


जांजगीर-चांपा जिले के थाना मुलमुला पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता, दक्षता और अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए महज 24 घंटे के भीतर 1.30 लाख रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए चार एयर कंडीशनर, दो सीलिंग फैन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी राहुल अग्रवाल, निवासी झलमला रोड नरियरा ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान में फिटिंग के लिए रखे गए 17 एयर कंडीशनर और चार सीलिंग फैन में से अज्ञात चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर चार एयर कंडीशनर एवं दो सीलिंग फैन चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

थाना प्रभारी पारस पटेल की रणनीति बनी सफलता की कुंजी

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल ने मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए तत्काल विशेष टीम का गठन किया। उनकी अगुवाई में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की बारीकी से जांच की। घंटों की मेहनत और तकनीकी विश्लेषण के बाद फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसकी पहचान अमित केंवट निवासी बनाहिल के रूप में की गई।

थाना प्रभारी पारस पटेल ने केवल तकनीकी साक्ष्यों पर ही भरोसा नहीं किया, बल्कि अपने मजबूत मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि अमित अपने सगे भाई अमर केंवट के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है।

मनोवैज्ञानिक पूछताछ से टूटा आरोपियों का झूठ

पुलिस ने संदेही अमित केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभ में वह पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन थाना प्रभारी पारस पटेल के निर्देशन में की गई सटीक एवं मनोवैज्ञानिक पूछताछ के सामने उसका झूठ ज्यादा देर नहीं टिक सका। आखिरकार उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने बड़े भाई अमर केंवट के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी गए चार एयर कंडीशनर, दो सीलिंग फैन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11 ZE-1377 बरामद कर ली।

24 घंटे में खुलासा, क्षेत्र में बढ़ा पुलिस पर विश्वास

इस कार्रवाई ने न केवल चोरी की बड़ी वारदात का पर्दाफाश किया, बल्कि क्षेत्र में पुलिस के प्रति आम जनता का विश्वास भी और मजबूत किया है। अपराध होने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के पूरे माल की बरामदगी थाना मुलमुला पुलिस की कार्यकुशलता का प्रमाण है।

विशेष रूप से थाना प्रभारी पारस पटेल की नेतृत्व क्षमता, त्वरित निर्णय, तकनीकी जांच और प्रभावी टीम प्रबंधन की पुलिस विभाग सहित आम नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है। उनकी सतत निगरानी और सक्रिय रणनीति के कारण ही इस मामले का सफल खुलासा संभव हो पाया।

गिरफ्तार आरोपी

अमित केंवट (22 वर्ष), पिता रामचरण केंवट

अमर केंवट (24 वर्ष), पिता रामचरण केंवट

दोनों निवासी – बनाहिल चट्टानपारा, थाना मुलमुला।

इन पुलिस अधिकारियों का रहा सराहनीय योगदान

पूरे प्रकरण के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रमोद महार, फूलेश्वर सिदार, राजमणी द्विवेदी, आरक्षक राजेश कश्यप, मनभावन पटेल, भूपेन्द्र कंवर, मनोहर जगत, गोपेश्वर पटेल, रामगोपाल भारती एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

मुलमुला पुलिस की यह सफलता एक बार फिर साबित करती है कि अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी से वारदात को अंजाम दें, लेकिन थाना प्रभारी पारस पटेल के नेतृत्व में सक्रिय पुलिस टीम की पैनी नजरों से बच पाना आसान नहीं है।


Related Articles