गोरखापाली घटना पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव ने जताया शोक
मृतक कोटवार के परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदना

सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोरखापाली में होली के दिन हुई हिंसक घटना तथा इलाज के दौरान कोटवार रथराम सिदार की हुई मौत को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए इस घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताया है।
श्रीमती जूदेव ने मृतक रथराम सिदार की पत्नी से दूरभाष के माध्यम से बातचीत कर परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज तथा भारतीय जनता पार्टी परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि होली जैसे सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के पर्व पर इस प्रकार की हिंसक घटना होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि मृतक कोटवार रथराम सिदार समाज की सेवा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे और उनकी असमय मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर है। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
श्रीमती जूदेव ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मांग की है कि मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की भी मांग की।
भाजपा ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा है कि पीड़ित परिवार के साथ पार्टी मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।








