.AD

होली पूर्व शांति समिति की बैठक अकलतरा थाना में संपन्न: कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

अकलतरा। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना अकलतरा परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ व्यापक चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में त्योहार के दौरान संभावित दंगा-फसाद, आपसी रंजिश, हुड़दंग, नशे की हालत में वाहन संचालन, शराबखोरी तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर गंभीर मंथन किया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव, जबरन रंग लगाने, अभद्र व्यवहार एवं सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

इस अवसर पर एसडीओपी प्रदीप शोरी ने कहा कि होली भाईचारे और प्रेम का पर्व है, इसे सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी।

बैठक में पूर्व सैनिक रोहित सारथी, नायब तहसीलदार प्रशांत गुप्ता, नायब तहसीलदार राजीव सिंह कंवर, पार्षद पुरुषोत्तम नामदेव, पार्षद विजय खांडेल, पार्षद सुरेश मिर्चन्य, हितेश पालीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में त्योहार को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित न करें तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि होली का पर्व आपसी सद्भाव और उत्साह के साथ संपन्न हो सके।


Related Articles