खिलाड़ियों की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को लेकर देर शाम तक समीक्षा बैठक में जुटे रहे जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा
बैठक के बाद रात में स्वयं निकले व्यवस्थाओं का जायजा लेने, भोजन-पानी से लेकर आवास, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 की मेजबानी कर रहा जांजगीर-चांपा जिला इन दिनों खेलमय नजर आ रहा है। प्रदेश के पांचों संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। खिलाड़ियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने देर शाम तक बैठक लेकर व्यवस्थापकों से प्रत्येक बिंदु की समीक्षा की। इसके बाद वे स्वयं रात में विभिन्न आवासीय स्थलों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए निकले।
चार दिवसीय इस खेल महाकुंभ में प्रदेश के बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग से खिलाड़ी जांजगीर पहुंचे हैं। प्रतियोगिता में हैंडबॉल और मलखंभ जैसे खेलों के मुकाबले आयोजित हो रहे हैं, जहां खिलाड़ी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
हर व्यवस्था पर डीईओ की सीधी नजर
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने बैठक के दौरान खिलाड़ियों के खाने-पीने, नहाने-धोने, सोने, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और छोटी से छोटी आवश्यकता का भी तत्काल समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से खिलाड़ी जांजगीर पहुंचे हैं। ऐसे में उनके ठहरने और अन्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी व्यवस्थापक अपने दायित्वों को गंभीरता से लेते हुए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक के बाद रात में खुद पहुंचे व्यवस्थाओं का जायजा लेने
व्यवस्थाओं की समीक्षा केवल बैठक तक सीमित नहीं रही। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने देर शाम बैठक समाप्त होने के बाद स्वयं विभिन्न आवासीय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था, पानी, स्वच्छता, भोजन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का मौके पर जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उनकी इस सक्रियता से यह संदेश स्पष्ट है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसे लेकर शिक्षा विभाग पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहा है।

खेल प्रतिभाओं के प्रदर्शन से उत्साहित खेलप्रेमी
गौरतलब है कि 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने से जांजगीर-चांपा जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है। चार दिवसीय खेल महाकुंभ में प्रदेश के पांचों संभागों के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हैंडबॉल और मलखंभ के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।
प्रतियोगिता को लेकर जिले के खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह है। विभिन्न खेल मैदानों में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए दर्शकों की मौजूदगी देखने को मिल रही है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के साथ-साथ खिलाड़ियों को बेहतर आतिथ्य और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग लगातार सक्रियता से जुटा हुआ है।








