.AD

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आज होगा समापन

रोमांचक मुकाबलों के बाद अंतिम परिणाम घोषित: मलखंब में बस्तर और बिलासपुर का दबदबा

जांजगीर-चांपा। स्थानीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का 25 अगस्त को समापन होगा। चार दिवसीय इस खेल महाकुंभ में प्रदेश के पांचों संभागों—बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा—से पहुंचे खिलाड़ियों ने हैंडबॉल और मलखंब में शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 288 से अधिक खिलाड़ी तथा 125 ऑफिशियल्स एवं व्यवस्थापकों सहित 400 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में हैंडबॉल बालक वर्ग में रायपुर संभाग ने प्रथम, बस्तर ने द्वितीय और बिलासपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में सरगुजा प्रथम, बस्तर द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा।

मलखंब टीम चैंपियनशिप में बस्तर का दबदबा

मल्लखंब टीम चैम्पियनशिप के बालक वर्ग में बस्तर ने तीनों आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। 14 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, रायपुर द्वितीय और सरगुजा तृतीय रहा। 17 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय तथा 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहे।

बालिका वर्ग में 14 वर्ष में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और सरगुजा तृतीय रहा। 17 वर्ष में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और बस्तर तृतीय तथा 19 वर्ष में बस्तर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने जीते पदक

मल्लखंब बालिका वर्ग की व्यक्तिगत स्पर्धा में 14 वर्ष आयु वर्ग में प्रज्ञा कुर्रे (बिलासपुर) ने स्वर्ण, अंजलि यादव (रायपुर) ने रजत और प्रिया राय (बिलासपुर) ने कांस्य पदक जीता। 17 वर्ष वर्ग में शिखा दिनकर (बिलासपुर) स्वर्ण, तेजस्वनी (बस्तर) रजत और ऋतु करंगा (बस्तर) कांस्य पदक विजेता रहीं। 19 वर्ष वर्ग में सरिता पाय्याम (बस्तर) ने स्वर्ण, किरण यादव (बिलासपुर) ने रजत और दुर्गेश्वरी (बस्तर) ने कांस्य पदक हासिल किया।

इसी प्रकार पोल मल्लखंब के बालक वर्ग में 14 वर्ष में अभिजीत कुर्रे (रायपुर) ने स्वर्ण, प्रकाश (बस्तर) ने रजत और भीष्म रात्रे (रायपुर) ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 17 वर्ष वर्ग में यशपाल बरेठ (बिलासपुर) स्वर्ण, शुभम पोटाई (बस्तर) रजत और आयुष सिदार (बिलासपुर) कांस्य पदक विजेता रहे। 19 वर्ष वर्ग में शिवम उसेण्डी (बस्तर) ने स्वर्ण, पियुष कुर्रे (बिलासपुर) ने रजत और अंकित मानिकपुरी (बिलासपुर) ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला शिक्षा अधिकारी ए.के. सिन्हा, एडीएसओ चंद्रशेखर महतो सहित व्यायाम शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले और अब 25 अगस्त को समापन समारोह के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक समापन किया जाएगा।


Related Articles