.AD

JSW महानदी क्रिकेट प्रीमियर लीग का रोमांचक समापन

सीएचपी वरियर्स बनी चैंपियन

मुख्य अतिथि सीएन सिंह ने चैंपियन टीम को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित

जांजगीर जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत नारियरा में संचालित JSW महानदी क्रिकेट प्रीमियर लीग का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। तरौद ग्राम पंचायत के मां केशरी खेल परिसर में खचाखच भरे स्टेडियम और उत्साह से लबरेज दर्शकों के बीच खेले गए फाइनल में सीएचपी वरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में सीएचपी वरियर्स ने एएचपी स्ट्राइकर्स को कड़े संघर्ष के बाद पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए एएचपी स्ट्राइकर्स की टीम ने निर्धारित ओवरों में 87 रन बनाए। लक्ष्य भले ही छोटा था, लेकिन फाइनल का दबाव साफ नजर आ रहा था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएचपी वरियर्स की टीम ने संयम, सूझबूझ और टीम भावना का परिचय देते हुए संघर्षपूर्ण खेल दिखाया और अंततः लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

मैच के दौरान दोनों टीमों की बेहतरीन बल्लेबाजी, चुस्त फील्डिंग और शानदार टीम वर्क ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हर रन, हर विकेट पर स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ता गया।

मैच के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में JSW महानदी पावर प्लांट के बिजनेस हेड श्री सीएन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीम सीएचपी वरियर्स को प्रथम ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर JSW महानदी पावर कंपनी लिमिटेड के प्रबंधक श्री अश्वनी मित्तल, जनप्रतिनिधि एवं तरौद सरपंच श्री संतोष भेड़पाल, तथा नवल सिंह, शशिदास महंत सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति ने खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और जोश का संचार किया।

पूरे आयोजन के दौरान HR विभाग के अधिकारी श्री पवन पांडे की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। श्री पांडे के कुशल प्रबंधन, समन्वय और सतत निगरानी के चलते प्रतियोगिता के सभी मुकाबले पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुए। दर्शकों, खिलाड़ियों और आयोजन समिति के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने में उनका योगदान अहम रहा, जिसकी सभी ने प्रशंसा की।

फाइनल मुकाबले का एक और प्रमुख आकर्षण रही शानदार कमेंट्री, जिसमें बेहतरीन शेरो-शायरी और रोचक अंदाज ने खिलाड़ियों व दर्शकों को खूब आनंदित किया। कमेंट्री ने मैच के रोमांच को कई गुना बढ़ा दिया।

कुल मिलाकर, JSW महानदी क्रिकेट प्रीमियर लीग का यह आयोजन खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल, सभी टीमों और सहयोगी अधिकारियों की चारों ओर सराहना हो रही है।


Related Articles