.AD

महिलाओं का सम्मान करना हमारा कर्तव्यडॉ. गीता सिंह

भारतीय मजदूर संघ के महिला सम्मान समारोह में लगभग 50 महिलाओं का हुआ सम्मान

जांजगीर-चांपा। महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सामाजिक योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से भारतीय मजदूर संघ जिला जांजगीर-चांपा के तत्वावधान में नारायण कुंज स्थित संघ कार्यालय में भव्य महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं को सम्मानित कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और सम्मान की भावना से सराबोर रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सहकारिता प्रकोष्ठ की प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं समाजसेवी डॉ. गीता सिंह ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि महिलाओं का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं बल्कि हम सभी का नैतिक और सामाजिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, समाज सेवा और श्रम क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा तथा महिला वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना आवश्यक है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुर्रे ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ हमेशा से श्रमिकों और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को प्रोत्साहित किया जाता है और उनके योगदान को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया।

इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री संजय चौहान, आशा वर्कर महामंत्री संगीता रात्रे, राज्य कर्मचारी संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण तिवारी तथा रमा गोस्वामी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं के सम्मान, उनके अधिकारों और समाज में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में अमित गौरहा (जिला कार्यवाह संघ) भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही कृष्णा कंवर (सक्ति मध्यान्ह भोजन संघ जिलाध्यक्ष), रमेश साहू (कोषाध्यक्ष, भारतीय मजदूर संघ), ममता कश्यप (स्वयं सेविका) तथा रूखमणी पांडेय (बिहान लीडर, सिवनी) सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

समारोह के दौरान लगभग पचास महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ, आशा वर्कर तथा बिहान समूह की महिलाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। इन महिलाओं को समाज सेवा, श्रम क्षेत्र में योगदान और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर भारतीय मजदुर संघ के यशपाल चौबे (जिला सह मंत्री) तथा अनुभव तिवारी (जिला संयोजक, पर्यावरण विभाग) सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का पूरा माहौल महिला सम्मान, सामाजिक समरसता और एकता के संदेश से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि समाज में महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में मिलकर कार्य किया जाएगा।


Related Articles