नवपदस्थ थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता की सख्त कार्यशैली से अपराधियों में हड़कंप
दो बड़ी पुलिस कार्रवाइयों पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने की प्रशंसा

जांजगीर–चांपा जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस ने एक ही दिन में दो गंभीर मामलों का सफल खुलासा कर अपराधियों पर सख्त शिकंजा कसा है। इन प्रभावी कार्रवाइयों को लेकर पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (भापुसे) ने निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता एवं उनकी टीम की खुलकर सराहना की है।
पुलिस अधीक्षक श्री पांडेय ने कहा कि “नवपदस्थ थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता द्वारा मामले में दिखाई गई तत्परता, संवेदनशीलता और पेशेवर कार्यशैली सराहनीय है। ऐसे ही सख्त और जिम्मेदार पुलिसिंग से आम जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत होता है।” उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
शराब के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले आरोपी तुरंत दबोचे गए
थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुनुन्द में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने की घटना पर निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता ने बिना देरी किए अपराध पंजीबद्ध कर टीम गठित की। किशन चौरसिया (25 वर्ष) एवं करण चौरसिया (22 वर्ष) को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हॉकी स्टिक और लकड़ी का डंडा जप्त किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
शराब के नशे में मौत का कारण बने चालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला
दूसरे प्रकरण में शराब के नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाकर पैदल यात्री की मौत का कारण बने आरोपी अमन गोयल (27 वर्ष) के विरुद्ध थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कठोर कार्रवाई की गई। आरोपी के मेडिकल परीक्षण, साक्ष्य संकलन एवं त्वरित गिरफ्तारी कर गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज किया गया। घटना में प्रयुक्त कार व शराब की बोतलें जप्त कर आरोपी को जेल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक ने की कोतवाली पुलिस टीम की प्रशंसा
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने दोनों मामलों के त्वरित निराकरण पर निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्र राठौर, राकेश राठौर, आरक्षक विनोद राठौर एवं नितीश विश्वकर्मा की टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्रवाई जिले में अनुशासित और जवाबदेह पुलिसिंग का उदाहरण है।
जनता में बढ़ा भरोसा, अपराधियों में भय
कोतवाली थाना प्रभारी के रूप में निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता की सक्रिय भूमिका और पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट मार्गदर्शन में जांजगीर शहर में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों में पुलिस की सख्ती का स्पष्ट भय दिखाई दे रहा है।









