शराब के लिए पैसे की मांग कर मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार,
थाना नवागढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। शराब पीने के लिए पैसे की मांग करते हुए गाली-गलौज और मारपीट करने वाले आरोपी को थाना नवागढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी चंद्रिका प्रसाद आजाद, निवासी ग्राम गंगाजल, द्वारा थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 22 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 10:00 बजे गांव का ही सुरेश यादव उर्फ सुरेंद्र (46 वर्ष) पिता गंगाराम यादव, निवासी गंगाजल, उनके घर के पास पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगा। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 66/26 पंजीबद्ध कर धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा, द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विजय कुमार पैकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश शेंडे के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके पश्चात विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेंडे, सहायक उप निरीक्षक नजीर हुसैन सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था भंग करने, शराब के लिए उत्पात मचाने या आम नागरिकों को डराने-धमकाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।








