.AD

AE जांगड़े एवं JE सोनी बिजली संकट से निपटने में अक्षम?

अकलतरा-तरोद क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से जनता त्रस्त

अकलतरा/जांजगीर-चांपा।

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विद्युत वितरण केंद्र अंतर्गत आने वाले अकलतरा, तरोद, नरियरा, बनाहिल एवं आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आमजन में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली गुल हो जाती है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और छोटे उद्योगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार दिन और रात में अचानक बिजली बंद हो जाती है तथा लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती। सबसे अधिक नाराजगी इस बात को लेकर है कि उपभोक्ताओं को न तो बिजली बंद होने की पूर्व सूचना दी जाती है और न ही कटौती की अवधि या कारण की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सहायक अभियंता (AE) जांगड़े एवं कनिष्ठ अभियंता (JE) सोनी के कार्यकाल में बिजली व्यवस्था लगातार अव्यवस्थित होती जा रही है। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं का विभाग पर विश्वास कमजोर होता जा रहा है और इन अधिकारियों को क्षेत्र से हटाने की मांग जोर पकड़ रही है।

पीड़ित उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में पदस्थ दोनों अधिकारियों की कार्यशैली से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। कई नागरिकों ने उन्हें जिले के सबसे असफल अधिकारियों में शामिल बताते हुए आरोप लगाया कि उनकी कार्यप्रणाली और निर्णयों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

बिजली की अनियमित आपूर्ति का असर केवल घरेलू जीवन तक सीमित नहीं है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है, छोटे व्यवसायों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है तथा किसानों को सिंचाई कार्यों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि किसी तकनीकी कारण या रखरखाव के चलते बिजली बंद करनी भी पड़े तो विभाग को पहले से सूचना जारी करनी चाहिए, ताकि लोग अपनी दैनिक गतिविधियों की योजना बना सकें। उनका आरोप है कि वर्तमान व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव दिखाई देता है।

जनता ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि अकलतरा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कराई जाए, लगातार हो रही अनियोजित बिजली कटौती के कारणों की जांच की जाए तथा उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।


Related Articles