जांजगीर-चांपा आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई : पीपरसत्ती और अमरताल में अवैध शराब पर शिकंजा
एक महिला सहित दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। आबकारी आयुक्त श्री पदुम सिंह एल्मा एवं कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देश तथा प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्रीमती नीलिमा दीघ्रस्कर के विशेष मार्गदर्शन में बुधवार 24 जून 2026 को आबकारी वृत्त अकलतरा की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बरामद की तथा आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
पीपरसत्ती में महिला के घर से हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त, भेजी गई जेल
आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम पीपरसत्ती में छापेमारी कर वार्ड क्रमांक-05 निवासी मीना बाई कुर्रे (52 वर्ष), पति शैल कुमार के रिहायशी मकान से 08 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपिया के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
अमरताल में युवक के घर से 7.20 लीटर देशी प्लेन शराब बरामद
इसी क्रम में आबकारी वृत्त अकलतरा की टीम ने ग्राम अमरताल में कार्रवाई करते हुए दिलहरण डहरिया (28 वर्ष), पिता स्वर्गीय बृजभान, निवासी अमरताल के मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से 7.20 लीटर देशी मदिरा प्लेन शराब बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
टीम की सक्रियता से मिली सफलता
पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक यीवरेश कुमार के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक मुकेश शर्मा, विमल सनाद्य, आरक्षक गीता कमल एवं अंशु पाटनवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं आबकारी विभाग को दें, ताकि समाज में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।








