.AD

अकलतरा समीप पंजाब नेशनल बैंक के एटीएमम से 57 हजार 200 रुपये की दिनदहाड़े लूट

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

सुरक्षा अधिकारी के गैर-जिम्मेदाराना बयान

अकलतरा। नगर के समीप पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम तरौद (अकलतरा) में शुक्रवार को दिनदहाड़े तकरीबन 11 बजे करीब 57 हजार 200 रुपये की लूट की वारदात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार दो बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने स्प्रे का इस्तेमाल कर इस घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, लुटेरे वारदात के बाद अकलतरा से जांजगीर की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खास बात यह है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद बताई जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिल सकती है।


बैंक सुरक्षा में भारी चूक/लापरवाही:

इस लूट की घटना ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। आरोप है कि मौके पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसका फायदा उठाकर बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। बताया जाता है कि एटीएम में पैसा डालते समय शटर डाउन किए रहते तो यह लुट की वारदात नहीं होती।


घटना पर पर्दा डालने के आरोप:

घटना के बाद मामला और भी तूल पकड़ता नजर आया। सूत्रों का कहना है कि लूट की घटना को लेकर सुरक्षा अधिकारी अभिषेक तिवारी द्वारा मामले को दबाने की कोशिश की गई। वहीं जब पत्रकारों ने लूट की घटना को लेकर सवाल पूछे तो सुरक्षा अधिकारी अभिषेक तिवारी का रवैया बेहद गैर-जिम्मेदाराना नजर आया। उन्होंने कथित तौर पर पत्रकारों का मजाक उड़ाते हुए हंसी में कहा— “कौन सी घटना, कैसी लूटपाट?”

इस बयान के बाद सुरक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस को अवगत कराया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है और लुटेरों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा पुलिस द्वारा किया जा सकता है।

एक तरफ पुलिस प्रशासन जनता के सुरक्षा के लिए चाक चौबंद व्यवस्था दुरुस्त करने दिन रात एक कर रही है तो वहीं बैंक के सुरक्षा चूक पर लापरवाही से चोरों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं। फिलहाल, इस सनसनीखेज लूटकांड ने अकलतरा की बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और पुलिस इस मामले में कितनी तेजी और पारदर्शिता से कार्रवाई करती है।



Related Articles