.AD

मुंगेली जिला सीएमएचओ के खिलाफ 19 जनवरी को संभाग स्तरीय घेराव, कर्मचारियों में आक्रोश

जांजगीर। मुंगेली जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) द्वारा की गई कथित द्वेषपूर्ण एवं नियमविरुद्ध कार्यवाही को लेकर स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ ने सीएमएचओ द्वारा संघ के जिलाध्यक्ष श्री डोम प्रकाश कश्यप के निलंबन को पूरी तरह अन्यायपूर्ण, एकपक्षीय और नियमों के विपरीत बताया है।

संघ के जांजगीर-चाम्पा जिला अध्यक्ष शत्रुहन राठौर ने बताया कि इस संबंध में 15 दिसंबर 2025 एवं 5 जनवरी 2026 को सीएमएचओ को लिखित रूप से निलंबन निरस्त करने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक न तो कोई निर्णय लिया गया और न ही कोई जवाब दिया गया। इससे अधिकारियों की तानाशाहीपूर्ण एवं गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली उजागर होती है। इस मनमानी कार्रवाई के विरोध में स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ की संभाग स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि निलंबन तत्काल निरस्त नहीं किया गया, तो 19 जनवरी 2026 को सीएमएचओ कार्यालय, मुंगेली का संभाग स्तरीय घेराव किया जाएगा। इस आंदोलन में बिलासपुर संभाग के सभी स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी शामिल होंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान यदि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो इसकी संपूर्ण नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी सीएमएचओ मुंगेली डॉ. शीला शाह की होगी। श्री राठौर ने कहा है कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।


Related Articles