.AD

जांजगीर में कोतवाली पुलिस का मेगा वेरिफिकेशन अभियान

150 प्रवासी मजदूरों की जांच, 130 संदिग्धों से पूछताछ, फिंगरप्रिंट भी लिए गए

जांजगीर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को बड़े स्तर पर विशेष सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान दूसरे राज्यों से आकर रह रहे मजदूरों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई। पुलिस ने लगभग 150 बाहरी मजदूरों का सत्यापन किया, जबकि 130 संदिग्ध व्यक्तियों को कंट्रोल रूम लाकर पूछताछ की गई। उनकी पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच के साथ भविष्य में अपराधों की रोकथाम के लिए उनके फिंगरप्रिंट भी लिए गए।

यह अभियान जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर चलाया गया। उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में दूसरे राज्यों से आकर रहने वाले व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क, नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। करीब 50 पुलिसकर्मियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई और धनवा सहित इंडस्ट्रियल एरिया एवं रेलवे स्टेशन के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान किराए के मकानों एवं श्रमिक बस्तियों में रह रहे पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से आए मजदूरों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने उनके आधार कार्ड, पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जिन व्यक्तियों की पहचान एवं गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं, उन्हें पूछताछ के लिए कंट्रोल रूम लाया गया। वहां प्रत्येक व्यक्ति से अलग-अलग पूछताछ की गई तथा दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद भविष्य में उनकी पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फिंगरप्रिंट भी दर्ज किए गए।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में सभी व्यक्तियों का सत्यापन कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए आवश्यक है। यह कार्रवाई पूरी तरह सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से की जा रही है।


कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों के सत्यापन का अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों, मकान मालिकों और उद्योगों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों की जानकारी संबंधित थाना को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है और जिले में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखा जा सकता है।


इस व्यापक अभियान के माध्यम से कोतवाली पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों पर पुलिस की कड़ी नजर है तथा सार्वजनिक सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।



Related Articles