कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले अकलतरा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक को एसपी ने किया निलंबित
कुछ और आरक्षकों पर कार्रवाई की दरकार

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक के विरुद्ध कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में कड़ी कार्रवाई की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, जांजगीर-चांपा ने तत्काल प्रभाव से प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर को निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना अकलतरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर द्वारा रोजनामचा लेखन का कार्य समय पर नहीं किया जा रहा था। इसके साथ ही ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करने की शिकायत भी सामने आई थी। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।
मामले में सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि पुलिस विभाग में कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना अकलतरा में पदस्थ कुछ अन्य आरक्षकों के खिलाफ भी अवैध वसूली और नशे के कारोबार को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि इन आरक्षकों की शिकायत पुलिस अधीक्षक से पहले भी दो बार की जा चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाती है तो क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लग सकता है और पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा। फिलहाल प्रधान आरक्षक के निलंबन के बाद थाने में हड़कंप का माहौल बना हुआ है और आगे अन्य मामलों की भी जांच होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस विभाग के जानकारों का मानना है कि यदि शिकायतों की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मचारियों पर भी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।








