.AD

नैला रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था पर उठे सवाल

पत्रकार से दुर्व्यवहार का आरोप

नैला। नैला रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। आरोप है कि पार्किंग ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा यात्रियों से मनमाने तरीके से शुल्क वसूला जा रहा है तथा विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर से लौटे चैनल इंडिया के जिला प्रमुख एवं युवा पत्रकार, खोखरा निवासी राजेश राठौर ने आरोप लगाया कि स्टेशन पार्किंग में वाहन निकालते समय टिकट भीग जाने का हवाला देकर पार्किंग कर्मियों ने उनसे जबरन शुल्क वसूला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान कर्मचारियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और विवाद की स्थिति उत्पन्न कर दी।

राजेश राठौर का कहना है कि नैला रेलवे स्टेशन की पार्किंग में आए दिन यात्रियों के साथ अभद्रता, मनमानी वसूली और विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उनका आरोप है कि पार्किंग स्थल पर असामाजिक तत्वों जैसे व्यवहार करने वाले लोगों को बैठाया गया है, जिससे यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों, को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत शिकायत रेलवे के संबंधित अधिकारियों से की जाएगी तथा पार्किंग व्यवस्था में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। उनका कहना है कि रेलवे प्रशासन को पार्किंग संचालन की नियमित निगरानी करनी चाहिए ताकि यात्रियों से किसी प्रकार की अवैध वसूली, अभद्र व्यवहार या गुंडागर्दी जैसी शिकायतों पर रोक लगाई जा सके।

हालांकि, इस मामले में पार्किंग ठेकेदार या रेलवे प्रशासन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


Related Articles