.AD

विश्व शांति के संकल्प के साथ जांजगीर में ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन

21 अप्रैल को 501 पार्थिव शिवलिंगों के साथ भव्य महारुद्राभिषेक

जांजगीर-चांपा।

विश्व शांति, मानव कल्याण और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से शहर में एक भव्य और ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन का आयोजन होने जा रहा है। श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण सेवा समिति के तत्वावधान में 21 अप्रैल को स्थानीय हाई स्कूल मैदान में विशाल महारुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।

शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन की विशेषता 501 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण और उनका विधि-विधान से पूजन, अभिषेक एवं श्रृंगार है। पवित्र मिट्टी से बनाए जाने वाले इन शिवलिंगों का पूजन पश्चात विधिपूर्वक नदी में विसर्जन किया जाएगा।

कार्यक्रम में लगभग 501 परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक परिवार से 2100 रुपये की सहयोग राशि निर्धारित की गई है, जिसमें पूजन सामग्री से लेकर महाप्रसाद तक की समुचित व्यवस्था समिति द्वारा की जाएगी। श्रद्धालु भगवान शिव को 50 ग्राम दूध अर्पित कर अभिषेक करेंगे। विशेष बात यह है कि इस आयोजन में शामिल होने के लिए पति-पत्नी होना अनिवार्य नहीं है, बल्कि परिवार के अन्य सदस्य भी एक साथ बैठकर पूजा कर सकते हैं।

आकर्षण और विशेष व्यवस्थाएं

इस भव्य आयोजन को यादगार बनाने के लिए कई विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं—

ड्रोन के माध्यम से पूरे परिसर में गुलाब जल का छिड़काव

सुरक्षा के मद्देनजर 4 दमकल वाहनों की तैनाती

श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष वितरण

लगभग 5000 लोगों के लिए विशाल भंडारे (महाप्रसाद) की व्यवस्था

समिति के अनुसार, इस प्रकार का सफल आयोजन पूर्व में बिलासपुर में किया जा चुका है और अब पहली बार जांजगीर-चांपा में इतने बड़े स्तर पर इसे आयोजित किया जा रहा है।

आयोजन का मूल उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता, एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करना है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस पवित्र आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर विश्व शांति की कामना में सहभागी बनने की अपील की है।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी प्रतीक बनकर उभरेगा।


Related Articles